 18 - 19 जुलाई 2023 को एनडीडीबी, आणंद में G20 के एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप (AWG) के अंतर्गत सतत् पशुधन विकास पर अंतर्राष्ट्रीय परिसंवाद

18 - 19 जुलाई 2023 को एनडीडीबी, आणंद में G20 के एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप (AWG) के अंतर्गत सतत् पशुधन विकास पर अंतर्राष्ट्रीय परिसंवाद

आणंद, 18 जुलाई, 2023: पशुपालन एवं डेयरी विभाग (DAHD), मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार; राष्ट्रीय डेरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) और संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) संयुक्त रूप से 18-19 जुलाई 2023 के दौरान एनडीडीबी, आणंद, गुजरात में G20 के एग्रीकल्चर वर्किंग ग्रुप (AWG) के अंतर्गत सतत् पशुधन विकास पर एक अंतर्राष्ट्रीय परिसंवाद का आयोजन कर रहे हैं।

एनडीडीबी के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि आणंद वह स्थान रहा है जहां सहकारी रणनीतियों के माध्यम से भारत में दूध की कमी से आत्मनिर्भरता और उसके बाद दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश बनने की यात्रा लिखी गई। उन्होंने कहा कि इस परिसंवाद में विचार-विमर्श से पशुपालन क्षेत्र में सतत् विकास के लिए विभिन्न नवाचार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

इस परिसंवाद से उत्पादन, पोषण, पर्यावरण और जीवन के लिए अधिक कुशल, समावेशी, लोचदार और सतत कृषि खाद्य प्रणाली में परिवर्तन लाने की दिशा में कार्य करने के लिए साक्ष्य उत्पन्न होंगे, जिसमें कोई भी पीछे छूटने ना पाए, इस प्रकार के सतत् विकास के लक्ष्य प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

G20 के प्रतिनिधि, कृषि से जुड़े लोग, दूतावासों के प्रतिनिधि, प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं के प्रतिनिधि जैसे  WHO, FAO, WOAH, IDF, ILRI, विश्व बैंक इत्यादि, केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी, वैज्ञानिक, पशु चिकित्सक, प्रगतिशील किसान, डेरी सहकारिताओं  के सदस्य और क्षेत्र  विशेष के लीडरों की इस परिसंवाद में भागीदारी की संभावना है।

अध्यक्ष, एनडीडीबी ने बताया कि G20 कार्यक्रम के एक हिस्से के रूप में, GCMMF (अमूल) के सहयोग से एनडीडीबी द्वारा W20 कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का थीम है: जनभागीदारी - डेरी सहकारिता के माध्यम से सतत् महिला नेतृत्व विकास, जो डेरी सहकारिताओं में महिलाओं के योगदान को प्रदर्शित करेगी। सहकारिताओं / उत्पादक संस्थाओं की महिला सदस्य अपनी इस उत्थान यात्रा को साझा करेंगी।

GCMMF (अमूल) के प्रबंध निदेशक श्री जयेन मेहता ने कहा कि यह हमारे लिए विशेष गौरव का क्षण है, जिसमें हमारी लाखों महिला किसान भी शामिल हैं, जिनकी दृढता ने अमूल को भारत में सबसे बड़ी एफएमसीजी संस्था बना दी है, जो एनडीडीबी, आणंद और डीएएचडी के साथ W20 कार्यक्रम की संस्थागत भागीदार है।

इस सत्र में महिलाओं के उल्लेखनीय योगदान का जश्न मनाते हुए उन पर प्रकाश डाला जाएगा। इस चर्चा में महिला सशक्तिकरण पर ध्यान केन्द्रित किया जाएगा जिससे हर क्षेत्र में महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ावा मिलेगा। वसुधैव कुटुंबकम - एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य का दर्शन इस आयोजन के केंद्र में होगा ।

W20 का प्राथमिक उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जेंडर समानता को G20 की संवाद की मुख्य धारा में लाया जाए और जी20 लीडरों की घोषणा में उन नीतियों और प्रतिबद्धता के रूप में व्यक्त की जाए जो जेंडर समानता और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं। भारत की अध्यक्षता में W20, अपने विज़न के लिए प्रतिबद्ध है - समानता और समता की एक ऐसी दुनिया बनाना जहां हर महिला सम्मान के साथ रहें। W20 का मिशन है - महिलाओं के नेतृत्व विकास में आने वाली हर बाधाओं, हर समस्याओं को दूर भगाना और महिलाओं को आगे बढ़ने और अपने साथ-साथ दूसरों के जीवन को बदलने के लिए अनुकूल वातावरण और पारस्थितिकी का विकास सुनिश्चित करना।